नर्क के तीन द्वार हैं

१२
२०१३
अप्रैल
मॉन्ट्रियल, कनाडा


प्रश्न : प्रिय गुरुदेव, मैं किसी के द्वारा की गई सहायता और देखरेख के लिये उसका आभारी कैसे हो सकता हूँ ? उसे ठेस पहुँचाये बिना उस से यह कैसे कहूँ कि मैं अपने रास्ते खुद चलना चाहता हूँ ?
श्री श्री रविशंकर : युक्तिपूर्वक इसे करें | अब यह न पूछें कि युक्ति क्या है ?
इस एक पद को याद रखिये, यह बहुत उपयोगी है नर्क के तीन द्वार |
नर्क के तीन द्वार हैं काम, लोभ और क्रोध | यदि लोभ हावी हो जाये, तो यह आप को नर्क में डाल देगा | इसलिये, लोभ को दूर फेंक दें |
बिल्कुल यही काम और क्रोध के साथ है | यदि आप अति कामुक होते हैं तो आप दूसरों की भावनाओं से इतने बेखबर हो जाते हैं कि आप सीमाओं का उल्लंघन कर बैठते हैं | काम भी आपको नर्क में धकेल देता है |
इसलिये, काम, लोभ और क्रोध, ये तीनों आप के नियंत्रण में नहीं हैं, तो ये आपको नियंत्रित कर लेंगें और आप नर्क में जायेंगें | यदि ये आपके नियंत्रण में हैं तो आप सुरक्षित हैं |
समझ गये न ?
अपने जीवन में देखिये, क्या ये तीन चीज़ें आप पर हावी हो रही हैं ? यदि हाँ, तो इसने आप के जीवन को अति दु:खमय बना दिया होगा | नर्क का क्या अर्थ है ? दु:ख; जो आपको पूरी तरह अप्रसन्न कर दे | परंतु यदि ये आप के काबू में हैं तो आप शक्तिशाली हो जाते हैं और यह आप के लिये अधिक प्रसन्नता लाता है |

प्रश्न : गुरुदेव, आप कहते हैं कि यदि आप उन लोगों के बारे में अधिक सोचते हैं जिनसे कि आप घृणा करते हैं, तो आप उनके जैसे ही बनने लग जाते हो | मैं निरंतर उन लोगों के बारे में सोचता रहता हूँ जिन्हें कि मैं नापसंद करता हूँ और मुझमें उन के लक्षण आते जा रहे हैं | मैं इससे कैसे बचूँ ?
श्री श्री रविशंकर : मुझे यही कहना है कि अनासक्ति के बिना कोई उन्नति सम्भव नहीं | यदि आप जीवन में उन्नति चाहते हैं तो अनासक्ति का होना आवश्यक है |
अनासक्ति आपके आपके मन में स्वतंत्रता लाती है | अनासक्ति आपको वर्तमान क्षण में रखती है | अनासक्ति  आपके चेहरे पर वो मुस्कान लाती है; आपमें वो ऊर्जा और उत्साह भरती है |
आपने किसे पकड़ रखा है ? आप किसी से घृणा करते हैं ? किस लिये ? 
दुनिया में ऐसे लोग अवश्य होंगे, हमेशा ही होंगे | इस दुनिया के इतिहास में एक भी समय ऐसा बताइये, जब कि बुरे लोग न रहे हों ? या ऐसे लोग न रहे हों जो दूसरों को परेशान करते हों ? ऐसे लोग हमेशा से ही रहे हैं, और दुनिया में ऐसे लोग आगे भी रहेंगे |
अब, यदि आप उन्हें अपनी दुनिया में रखना चाहते हैं, तो हम क्या कर सकते हैं ? यह आप ही हैं जो उन्हें अपने दिमाग में रख रहे हैं और ऐसा होने दे रहे हैं | कोई दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई, हो गई, आप को आगे बढ़ते रहना है | बैठ कर उसे चबाते नहीं रहना |

अनासक्ति का अर्थ है अतीत को जाने देना, और यह समझ लेना कि हर चीज़ एक दिन खत्म होने वाली है, हर कोई मरने वाला है; वो और आप भी मरने वाले हैं, इसलिये कम से कम अपने मन को तो मुक्त रखिये |
समझ लीजिये कि ये सब भिन्न भिन्न भूमिकायें निभाई जा रहीं हैं | कभी कभी यह डरावनी फिल्म के समान होता है, तो क्या किया जाये ? इसका अर्थ यह नहीं है कि जब कुछ डरावना हो रहा हो तो आप निष्क्रिय हो जायें | जब कोई डकैती हो रही हो, बलात्कार हो रहा हो या फिर समाज में कुछ और बुरा हो रहा हो तो आप को इसे रोकने के लिये खड़ा होना होगा |
आप को यह करने की शक्ति कब मिलेगी ? जब आपके मन में अनासक्ति होगी | तब आप खड़े हो सकते हैं, अन्यथा आप ऐसा काम करेंगे, जिस से आप दु:खी होना शुरु हो जायेंगे | आप स्वयं ही अपराधी बन जायेंगे | एक अपराधी दूसरे अपराधी को नहीं मिटा सकता | आप अपराधी को मिटाने का यत्न करते हैं और दूसरे अपराधी बन जाते हैं |
एक शिकार दूसरे शिकार को नहीं बचा सकता | यदि आप अपने ही क्रोध के शिकार हैं तो आप किसी और को कैसे बचा सकते हैं ? और यदि अपराधियों को मिटाने के लिये आप स्वयं ही अपराधी बन जायेंगे तो आप स्वयं को सलाखों के पीछे पायेंगे |
ऐसा बहुत से लोगों के साथ हुआ है | बहुत से लोग जो कारावास पहुँच जाते हैं, बहुत सही होते हैं | वे कहते हैं कि, “मैंने ऐसा इसलिये किया, क्योंकि उसने मेरे साथ ऐसा किया था |” नहीं! आँख के बदले आँख, दाँत के बदले दाँत से कुछ अच्छा नहीं होने वाला | ये सारी दुनिया को अँधा बना देगा | हमें अनासक्तिपूर्वक जागृत होना होगा और एक बेहतर समाज के लिये काम करना होगा ; एक ऐसे समाज के लिये जो कि हिंसा-मुक्त हो और अधिक आध्यात्मिक हो |
बिल्कुल वैसे ही जैसे कि आप ने सारे समाज को साक्षर बनाया है | हर कोई पढ़ना और लिखना जानता है | वे साइन बोर्डों को पढ़ सकता है | कनाडा में एक भी व्यक्ति ऐसा नहीं है जो साइन बोर्ड न पढ़ सकता हो | है कोई ऐसा ? नहीं |
कम से कम वे साइन बोर्ड तो पढ़ ही सकते हैं, चाहे वो विद्वान न भी हों | वो पढ़ना और लिखना तो जानते ही हैं। मैं आध्यात्मिकता को भी ऐसे ही चाहता हूँ |
हमें सही प्रकार से खाना चाहिये, सही व्यवहार रखना चाहिये और लोगों के प्रति दयावान रहना चाहिये | हमें इस दिशा में कार्य करना चाहिये | हो सकता है कि ऐसा 100% न हो, सभी लोग ऐसे न बन पायें, परंतु समाज का एक बड़ा हिस्सा सदा के लिये परिवर्तित हो जायेगा, और यही काफी है |
मैं फिर से कहता हूँ, हम ऐसे समाज का सपना देख सकते हैं, पर इसे वास्तविक बनाने में समय लगेगा | एक अपराध-मुक्त समाज बहुत दूर की बात है; इसमें समय लगेगा, पर कम से कम इस दिशा में हम कदम तो अवश्य ही बढ़ा सकते हैं न। 

प्रश्न : मैं अपने प्रियजनों को खुले दिल से देता हूँ |  पर अक्सर मैं अपना ध्यान रखने से पहले दूसरों का ध्यान रखता हूँ, और फिर मैं पछताता हूँ और क्रोधित हो जाता हूँ | मैं स्वस्थपूर्ण  ढंग से किस प्रकार दे सकता हूँ ?
श्री श्री रविशंकर : देखिये, लगता है कि आप के पास काफी फालतू समय रहता है | आप इतना क्यों सोचते हैं ? आप देना चाहते हैं तो दीजिये और इसे भूल जाइये!
हिन्दी में कहावत है, नेकी कर और दरिया में डाल, जिसका अर्थ है कि अच्छे काम करके उन्हें नदी में डाल देना चाहिये, उनके बारे में सोचना नहीं चाहिये |
आप सोचते हैं, मैंने किया, मैंने किया, आपने क्या किया ? आप किसी को वो कुछ नहीं दे सकते जो उसके हिस्से का न हो | यह असम्भव है | यदि आप देना भी चाहें और अभी उस व्यक्ति का वो लेने का समय न हो तो वह इसे ले नहीं पायेगा | इसलिये आप दो और भूल जाओ |
आप बस सहज रहिये, आप को इस विषय में अधिक सोचने की आवश्यकता नहीं है |
जब आपको किसी चीज़ की जरूरत है तो दोषी महसूस करने की आवश्यकता नहीं है |  जायें और इसे खरीद लें | बस |
आप हमेशा सब की सब इच्छायें पूरी नहीं कर सकते, परंतु आप जो भी कर सकते हैं, अवश्य करिये | तब आप यह नहीं कह सकते कि, “नहीं, मैं नहीं करना चाहता |” तब यह आपको कचोटेगा |
यदि कुछ ऐसा है जो आपके लिये सच में आवश्यक है और आप इसे दूसरों को नहीं दे सकते तो यह आपको कचोटेगा नहीं | यह आपको कब कचोटता है ? तब, जब आप कर सकते हैं, परंतु करते नहीं |

प्रश्न : गुरुदेव, कृप्या हमें उपनिषद के कुछ रहस्य बतायें |
श्री श्री रविशंकर : उपनिषद का रहस्य है, आप ओम् हैं |
आप का सच्चा नाम ओम् है | जो भी नाम आपका है, वो आप के माता-पिता द्वारा इस जीवन में दिया गया है, परंतु इस जीवनकाल से पहले आप क्या थे ? आपका नाम क्या था ? ओम् | और भविष्य में जब आप इस शरीर को त्याग देंगे तो आप का नाम क्या होने वाला है ? ओम् | 
सब कुछ ओम् से ही उत्पन्न हुआ है, ओम्, वो सार्वलौकिक ध्वनि जोकि हर समय चेतना में गुँजायमान है और हम  सब इसी ध्वनि से ही उत्पन्न हुये हैं और हम इसी में रहते हैं | अब भी, यह यहीं है, हर समय |
जब आप इस देह को त्याग देंगे, तो यह मत सोचिये कि आप इस नाम को अपने साथ ले जायेंगे | आप का नाम इस देह के साथ ही चला जायेगा | परंतु आप जो प्रकाश हैं, जो चेतना हैं, उसका एक ही नाम है, और वो है, ओम्।
यही इस प्रार्थना में कहा गया है, “एक ओंकार (ईश्वर एक है), सतनाम(उसका नाम सत्य है), करता-पुरख(वह रचयिता है), निरभउ(वह निर्भय है), निरवैर( उसका किसी से वैर नहीं है), अकाल-मूरत(वह कभी मरता नहीं), अजूनी सैंभांग ( वह जन्म व मृत्यु से परे है), गुर परसाद(उसे सच्चे गुरु की कृपा से ही पाया जा सकता है), जप (उसका नाम लेते रहें), आदि सच ( किसी भी चीज़ की रचना से पूर्व भी वो सत्य है) जुगादि सच (वो हमेशा ही सत्य रहा है), है भी सच(वो अभी भी सत्य है), नानक होसे भी सच(वो भविष्य में भी सच रहेगा)। एक ही ओंकार है, कर्ता, और वो ही उस काल से रचियता है, जब सब कुछ रचा गया था | 
निरभउ का अर्थ है बिना भय के, बिना द्वैत; कोई दो नहीं। यह बेदाग है, पूर्णत: शुद्ध |
आदि सच, जुगादि सच, है भी सच, यह पूर्ण सत्य है; हमारा उद्गम उसी सत्य से है | आदि का अर्थ है
आपका उद्गम ; जहाँ से सब कुछ आया है, या जहाँ से सब कुछ बना है |
हमारा स्रोत सच्चा है, हमारा लक्ष्य सच्चा है और यही सच्चा नाम है, एक ओंकार, सतनाम...
यही उपनिषदों का सार है और यही उपनिषद कहते हैं |
शिवम् शांतम् अद्वैतम् चतुर्थम् मान्यते, सा आत्मा, सा विग्येया:’ |
वो वास्तिवकता जोकि शिवम्, अनंत मौन है; जोकि शांतम्, अनंत शांति है; जोकि अद्वैतम्, अविभक्त है; को ही चतुर्थम् कहा गया है | यह चेतना की तीन अवस्थाओं; जागृत, स्वप्न और सुषुप्त, से परे है | यह चौथी आत्मा ही है, जिसे कि जानना है | जो जानने योग्य है, वो चौथी अवस्था है, जो न तो जागृत है, न स्वप्नावस्था है, ना सुषुप्तावस्था है, बल्कि चौथी अवस्था है, जोकि सारी सृष्टि का आधार है | इसे जानना चाहिये, इस पर ध्यान देना चाहिये |

प्रश्न : प्रिय गुरुदेव, मेरी माँ कहती है कि ईश्वर हमारे दिलों में है और यदि कुछ भी गलत होता है तो मुझे बस भीतर देखना होगा और प्रार्थना करनी होगी | परंतु उन सब बच्चों का क्या जो प्रार्थना करते हैं और फिर भी जीवित नहीं रहते ?
श्री श्री रविशंकर : हाँ, यह प्रकृति का हिस्सा है | इसके कई भेद हैं |
एक बच्चा कैसे पैदा होता है और वह थोड़े समय के लिये ही जीवित क्यों रह पाता है, एक अति गूढ़ रहस्य है | आप इसे एक दिन जरूर समझ पायेंगे |
बहुत बार, बच्चे के पैदा होने के बाद, पति पत्नी के बीच प्रेम समाप्त हो जाता है | हमेशा नहीं, कई बार | ऐसा इसलिये है कि आत्मा दो लोगों को आकर्षित करती है | उनमें कोई भी सामंजस्य नहीं होता, परंतु आत्मा ऐसा जबरदस्त आकर्षण पैदा कर देती है कि वे पास आ जाते हैं, शादी कर लेते हैं और बच्चा पैदा होता है और जैसे ही बच्चा पैदा होता है, बस, उनके बीच के सारे नाते टूट जाते हैं |
आप ने समाज में ऐसा होते देखा है न ? ऐसा इसलिये क्योंकि वह आत्मा उन दो लोगों को पास ले आती है | इसका काम पूरा हो जाता है और फिर बस | ऐसा होता है और यह बड़ा दिलचस्प है |

प्रश्न : मेरी माँ मुझे डाँटती रहती है, मैं क्या करूँ ?
श्री श्री रविशंकर : यह तो उसका काम है | वो केवल यह देख रही है कि आप कितने मजबूत हो, कितने धैर्यवान। माँयें प्राय: आपको अधिक धैर्य रखने में सहायता करती हैं | या तो आप ऐसा माँ के साथ करते हैं, या फिर माँ आप के साथ ऐसा करती हैं | या तो आप माँ के धैर्य की परीक्षा लेते हो, या फिर वो आपके धैर्य की | असल में, आप बारी बारी से ऐसा करते रहते हैं!

प्रश्न : गुरुदेव, मेरे मातापिता बूढ़े है और अब भी बहस और लड़ाई करते हैं शादी के ५० साल बाद भी | क्या वे कभी बदलेंगे ?
श्री श्री रविशंकर : वे लोग अपने जीवन में आनंद ले रहे हैं, आप क्यों इसे रोकना चाहते हैं ? बिना झगडे और नोक झोंक के जीवन कितना नीरस हो जायेगा; कोई मसाला नहीं रहेगा | वे मसालेदार खाना खाना चाहते हैं, उन्हें खाने दो | आप क्यों उसे बेस्वाद बनाते हो ? यदि बहुत गर्म हो जाए, तो आप थोड़ा मक्खन लगा दो बीच में |
ऐसा होता है, क्या करें |
एक बार किसी ने एक सज्जन पुरुष से पूछा, “आप अपनी पत्नी से झगड़ते क्यों हैं इतना” ?
वे बोले, “आपका क्या तात्पर्य है ? मैं उस से प्रेम करता हूँ, इसलिए मैं उससे झगड़ता हूँ | और किस के साथ झगड सकता हूँ” ? और यह सही है | कभी कभी ऐसा होता है |

प्रश्न : प्रिय गुरुदेव, मैं बहुत लोगों में यह ज्ञान बांटना चन्हता हूँ, पर मैं बहुत घबरा जाता हूँ जब मुझे अपने मित्रों से इसके बारे में बात करनी होती है | इस से कैसे उभरें ?
श्री श्री रविशंकर : आपका भय क्या है ? यह कि वह आप पर व्यंग करेंगे ? ठीक है, उसका भी आनंद लीजिए, उन्हें व्यंग करने दीजिए, तो क्या हुआ ? यदि आप तैयार हैं व्यंग के लिए और इस से उभारना चाहते हैं, तो उस से आप इस हिचक से बहार आ जायेंगे | एक बार कर के देखिये क्या होता है |

प्रश्न : प्रिय गुरुदेव, मैं ज्ञान लेख पढ़ता हूँ, अपनी क्रिया और सेवा भी करता हूँ, फिर भी मेरा मन सांसारिक वस्तुओं में जकडा जाता है कभी कभी, जैसे फोन, कपड़े, इत्यादि | कृपया आशीर्वाद दीजिए कि मैं इस सब से मुक्त हो सकूं |
श्री श्री रविशंकर : ठीक है | इसमें समय लगता है | यदि आप थोड़े गाढ़े हैं, तो थोड़ी अधिक गर्मी चाहिए आपको हिलाने के लिए | आप जानते हैं, जब हम हलवा बनाते हैं, चीनी पहले चिपकती है, पर जैसे जैसे आप उसे आग में हिलाते हैं, फिर वह नहीं चिपकती |

प्रश्न : प्रिय गुरुदेव, मेरी गहरी इच्छा है कि मैं बाकि जीवन आश्रम में व्यतीत करूं | मैं स्वयं को पूर्ण समय सेवा में लगाना चाहता हूँ आश्रम में | मेरी पत्नी ने भी ऐसा करने का सोचा है | कृपया सुझाव दीजिए |
श्री श्री रविशंकर : हाँ | आ जाइए | जो भी पूर्ण समय इस काम में देना चाहते हैं यहाँ या बून में, उनका स्वागत है | यदि आपकी आवश्यकताएं अधिक हैं, तो यह कठिन है | यदि आपकी आवश्यकताएं कम हैं, तो आश्रम का जीवन बहुत अच्छा है | यदि आपका उच्च जीवन सादे विचार हैं तो आश्रम जीवन कठिन हो सकता है आपके लिए |

प्रश्न : गुरूजी, क्या संकेत है कि हम स्वयं की ओर बढ़ रहे हैं ?
श्री श्री रविशंकर : आपको स्वयं की ओर बढ़ने की आवश्यकता नहीं है | वह तो यहीं है, सब जगह | आप में कुछ है जो ठोस रहता है, कभी नहीं हतोत्साहित होता | वह आप का स्वः है |

प्रश्न : प्रिय गुरुदेव, मैं शाकाहारी आहार अधिक समय तक नहीं खा पाता | मैं शाकाहारी प्रोटीन खाता हूँ, पर वह पर्याप्त नहीं होता | मुझे फिर भी मांसाहारी भोजन की तीव्र इच्छा रहती है और उसे खाने के बाद मुझे अच्छा लगता है | मैं शाकाहारी भोजन करना चाहता हूँ क्योंकि मैं अहिंसा के पथ पर हूँ | क्या आपके पास मेरे लिए कुछ सुझाव है ?
श्री श्री रविशंकर : यह सब आपके दिमाग में है, कि आपको प्रोटीन चाहिए | आप जानते हैं घोड़ों में इतनी शक्ति होती है, इतना प्रोटीन होता है, और वे शाकाहारी हैं | हाथी भी शाकाहारी हैं | आप कल्पना भी नहीं कर सकते | बैल भी शाकाहारी होते हैं | हम होर्स पावर कहते हैं | शक्ति भी घोड़ों के हिसाब से नापी जाती है | घोड़ा केवल घास  और हरे चने खाता है |
शाकाहारी भोजन में बहुत प्रोटीन होता है | यह केवल हमारे दिमाग में, हमारी सोच में है, पर ऐसा नहीं है | बादाम, नट्स, और दालें खाइए, इन सब में प्रोटीन होता है | आपको केवल शाकाहारी होने की आवश्यकता नहीं है, आप दूध से बनी चीज़ें खाइए | चीज़, पनीर, दूध, इन सब में प्रोटीन है |
आप वीटग्रास जूस, या स्पीरुलिना ले सकते हैं | यह अमरीका में बहुत प्रचलित है |
उत्तरी अमरीका की बहुत सी जनता शाकाहारी बन रही है | इसलिए अपने दिमाग से निकाल दीजिये की आपको मासाहारी भोजन की आवश्यकता है | आपको वास्तव में इसकी आवश्यकता नहीं है | आपका शरीर शाकाहारी भोजन के लिए बना है | आपकी लार में एक पदार्थ होता  है, टैलीन | यह केवल शाकाहारी जंतुओं में पाया जाता है | आपको यह सिंघों, भेड़ियों, शेरों में नहीं मिलेगा |
शाकाहारी पशुओं की लम्बी अंतड़ियां होती है; आपकी भी हैं | शेरों की नहीं होती, कुत्तों की नहीं होती |
आपका पूरा शरीर यह बताता है | आपके पास माँसाहारी पशुओं जैसे दांत नहीं हैं | आपके दांत बंदरों जैसे हैं, जो हमारे पूर्वज हैं, गाय, और हाथी जैसे हैं | मैं हाथी के गजदंत की बात नहीं कर रहा हूँ, पर हाथी के मुंह के अन्दर के दांत हमारे जैसे हैं |
यह हमारे दिमाग की गलत समझ है की यदि मैं मीट खाना बंद कर दूंगा तो कमज़ोर हो जाऊँगा | यह केवल मन का भ्रम है |

प्रश्न : प्रिय गुरुदेव, क्या हम सुदर्शन क्रिया के साथ और योग क्रियाएं भी कर सकते हैं, जैसे, परमहंसा योगानंद जी का क्रिया योग ?
श्री श्री रविशंकर : केवल एक चीज़ करिए | वह पर्याप्त है |
जब आप बहुत सी चीज़ें करते हैं तो बहुत गड़बड़ हो जाती है | मैंने देखा है लोगों को जो जा कर बहुत सी चीज़ें करने लगते हैं और उनकी सारी शक्ति व्यर्थ हो जाती है | इसकी आवश्यकता नहीं है | यदि आप ऐसा करते रहे हैं, तो सुदर्शन क्रिया करने के बाद आप ध्यान में बैठ सकते हैं | यदि कुछ होता है तो ठीक है, कोई बात नहीं | यदि वह मंत्र स्वयं आते हैं, तो ठीक है, पर यदि आप प्रयत्न करके उन्हें करते हैं, या अधिक सीखने की कोशिश करते हैं, तो उस से बहुत संभ्रम पैदा हो सकता है |